गुरुग्राम में मोदी फैस्ट ‘मोदी सेल्फी प्वाइंट’ बना आकर्षण का केंद्र

गुरुग्राम में हरियाणा के लोक निर्माण, वन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री राव नरबीर सिंह ने गुरुग्राम के सैक्टर-29 में मेकिंग आफ डेवलप्ड इंडिया (मोदी) फैस्टिवल का उद्घाटन किया। मोदी फैस्ट में मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया, कौशल विकास, उज्वला योजना,  बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं, प्रधानमंत्री जनधन योजना, कृषि बीमा योजना, जी एस टी समेत केन्द्र सरकार की चल रही योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई गई है। सैक्टर-29 में आयोजित किए जा रहे मोदी फैस्ट में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए राव नरबीर सिंह ने कहा कि पूरे देश में इस तरह का आयोजन किया जा रहा है ताकि आम जनता  अपनी जरूरतों के मुताबिक केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठा सके।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के तीन साल की उपलब्धियां और आम जन से जुड़ी सभी योजनाओं की जानकारी देने के लिए इस तरह का आयोजन किया जा रहा है।
मोदी फैस्ट देश के 300 जिलों और हरियाणा के 12 जिलों में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंंने कहा कि इस तरह के फैस्टिवल में खासकर युवाओं के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि यह मोदी फैस्ट 4 जून से शुरू होकर 6 जून तक चलेगा।राव नरबीर सिंह ने कहा कि आज के इस इंटरनेट युग में लोगों को समय के साथ आगे बढ़ाने के लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और केंद्र सरकार द्वारा आयोजित इस फैस्ट में आने वाले लोगों को विशेषकर कैशलेस भुगतान के बारे में बताया जा रहा है। इतना ही नही, स्मार्ट फोन के स्मार्ट युग में आम नागरिक केंद्र सरकार की योजनाओं की मोबाइल एप्लीकेशन निशुल्क डाउनलोड कर सकेंगे तथा इसे बिना इंटरनेट चला भी सकेंगे। लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि कार्यक्रम में ‘भीम एप’ और ‘नमो एप’ मोबाइल में डाउनलोड करने के लिए अलग से प्रबंध किया गया है। उन्होंने वहां उपस्थित सभी भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रबंध समय से किए जाएं ताकि अधिक से अधिक लोगों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंच सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *