शहीदों के परिवारों को सम्मान देने के उद्देश्य से गुरुग्राम में रविवार 13 अगस्त को फोरम फॉर अवेयरनेस आॅफ नेशनल सिक्योरिटी (फैन्स) द्वारा कल शाम साढ़े 5 बजे से साढ़े 8 बजे तक रन फॉर सिक्योरिटी मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इस मैराथन में शहीदों द्वारा देश के लिए दिए गए बलिदान को याद किया जाएगा।
रन फॉर सिक्योरिटी मैराथन दौड़ में ओलम्पियन भीम सिंह, सुनील देबास, सन्दीप सिंह, जय भगवान, महावीर फोगाट, गीता फोगाट, बबीता फोगाट, राजा नरेन्द्र सिंह सहित कई फिल्मी हस्तियां, राष्ट्रीय खिलाड़ी, अवार्डी भाग लेंगे। यह जानकारी देते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष रिटायर्ड एयर मार्शल आरसी वाजपेयी जी, महासचिव गोलक राय जी, सरला सिंह जी, प्रवेश खन्ना जी, अजय महाजन जी, उत्तर क्षेत्र की प्रभारी रेशमा सिंह जी, अनिल शर्मा जी, हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष राजपाल सिंह जी, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी डा. विरेन्द्र सिंह सिवाच जी, गुरुग्राम चैप्टर की अध्यक्ष दीपा अंतिल जी, राजेंद्र पंघाल जी, मनदीप अग्रवाल जी, ऐरी डबास, कैफी भारती, ने इस आयोजन को लेकर यहां बैठक आयोजित कर तैयारियों पर मंथन किया। उन्होंने आम जनता से आह्वान किया है कि वह इस मैराथन में ज्यादा से ज्यादा संख्या में भाग लें तथा वीर शहीदों की शहादत को सलाम करें। उन्होंने बताया कि यह मैराथन राष्ट्रीय सुरक्षा जागरूकता के लिए आयोजित की जा रही है। मीडिया प्रभारी डा. विरेंद्र सिंह सिवाच ने बताया कि इस मैराथन दौड़ के पश्चात चौ. देवीलाल स्टेडियम में ही शाम 7 बजे कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश के राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी जी मुख्य अतिथि होंगे। राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच के राष्ट्रीय संरक्षक इन्द्रेश कुमार जी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे।
विशिष्ट अतिथियों में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शाम जाजू, केंद्रीय मंत्री विजय गोयल जी, केबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह जी, भिवानी के सांसद धर्मवीर सिंह जी, ईस्ट दिल्ली के सांसद महेश गिरी, बिजनौर के सांसद कंवर भारतेन्द्र सिंह उपस्थित होंगे। इस कार्यक्रम में देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों के 50 परिवारों के सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मैराथन के माध्यम से युवा पीढ़ी को देशभक्ति के लिए तथा स्वास्थ्य रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा ताकि युवा वर्ग के दिलों में भारतीय सैनिकों के प्रति सम्मान पैदा हो तथा वे आजादी के वीरों के त्याग, तपस्या, संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर नए भारत के निर्माण में अहम योगदान दे सकें। उन्होंने भारतीय सेना को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय सैनिक सदा ही देशभक्ति के जज्बे के साथ लड़े हैं और आगे भी लड़ेंगे।















Leave a Reply