आमजन को सौर ऊर्जा के उपायों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज गुरुग्राम के सैक्टर-44 स्थित अपैरल हाऊस में नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग तथा जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से दो दिवसीय सौलर मेले की शुरूआत की गई। इस मेले का शुभारंभ आज नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग तथा हरेडा के प्रधान सचिव अंकुर गुप्ता ने किया।
आज आयोजित इस मेले में कई हितधारकों, सौलर इक्वीपमेंट मैन्युफैक्चरर तथा बैंको ने भाग लिया जो अपने यहां सौलर पैनल लगवाने के इच्छुक उपभोक्ताओं को तकनीकी जानकारी एवम वित्तीय सहायता प्रदान करेंगे। इस दो दिवसीय मेगा आयोजन में 36 चैनल पार्टनर तथा 13 बैंकों द्वारा भाग लिया जा रहा है। आज बैंक के पदाधिकारियों व सदस्यों ने सौलर मेले में भाग लेने आए लोगों को ऋण योजना तथा सौलर पावर प्लांट लगवाने के संबंध में विस्तार से बताया। इसके अलावा, मेले में आए लोगों को केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा सौलर पावर प्लांट लगाने के लिए दी जाने वाली सब्सिडी व इन्सेंटिव आदि के बारे में भी बताया गया। मेले में आने वाले लोगों को सौलर पैनल लगवाने के फायदों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि किस प्रकार सौलर पैनल लगवाकर वे अपने अबाध्य बिजली की आपूर्ति प्राप्त कर सकते है और अपने बिजली के बिलों मे कटौती कर सकते हैं। नवीन एंव नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय से स्वीकृत प्राप्त कंपनियों द्वारा इस सौर ऊर्जा मेले में भाग लिया जा रहा है।
इस अवसर पर श्री अंकुर गुप्ता ने कहा कि नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग का आह्वान है कि हरियाणा के लोग सौर ऊर्जा का उपयोग अधिक से अधिक करें जिसके लिए विभाग उन्हें हर संभव तकनीकी व वित्तीय सहायता देने के लिए तैयार है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि लोग अधिक से अधिक सौर ऊर्जा का प्रयोग करें और सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी का लाभ उठाएं।
गुरुग्राम के उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने कहा कि वे जिला गुरुग्राम को पूर्णतया सौर ऊर्जा पर निर्भर बनाना चाहते है। उन्होंने कहा कि इस मेले का उद्द्ेश्य है कि गुरुग्रामवासियों को वाजिब दरों पर बिजली मिले और वे सौर ऊर्जा के फायदों का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि इस मेले के माध्यम से लोगों को एक प्लेटफार्म उपलब्ध करवाया जा रहा है कि वे सौर ऊर्जा के उपायों को बढ़-चढक़र अपनाएं।
उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा का प्रयोग बिजली उत्पादन में अत्यधिक लाभकारी है। सौर ऊर्जा पर्यावरण संरक्षण में भी लाभदायक है। सरकार द्वारा घरों, शिक्षण संस्थाओं, सामाजिक संस्थाओं द्वारा सोलर पावर प्लान्ट लगाने पर 30 प्रतिशत सब्सिडी दी जा रही है। वर्तमान में जिला गुरुग्राम में लगभग 3.5 मेगावाट के 150 से ज्यादा सोलर पावर प्लांट सब्सिडी के अन्तर्गत स्वीकृत किये जा चुके हैं। उन्होंने गुरुग्राम वासियों से ज्यादा से ज्यादा सोलर पावर प्लांट लगवाने के आह्वान किया ।















Leave a Reply