यूपी: सीएम योगी बोले, ‘जो कानून का पालन कर रहे हैं उनको डरने की जरूरत नहीं’

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन सभी बातों को खारिज किया है, जिनमें कहा जा रहा था कि राज्य में ऐंटी रोमियो दल और अवैध बूचड़खानों को लेकर सिर्फ एक समुदाय के खिलाफ कार्रवाई हो रही है. सीएम योगी ने कहा है कि जो लोग कानून का पालन करते हैं उन्हें घबराने की जरूरत नहीं, पर जो कानून से खिलवाड़ करते हैं उन्हें जरूर चिंता करनी चाहिए.

अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में सीएम योगी ने कहा, वह कानून को लागू करने से पीछे नहीं हटेंगे. उन्होंने कहा कि अब वह यूपी में भ्रष्टाचार, कानून से खिलवाड़   और तुष्टीकरण की राजनीति नहीं होने देंगे.

ऐंटी रोमियो स्क्वॉड का मतलब लड़कियों को छेड़छाड़ से बचाना- सीएम योगी

सीएम योगी ने कहा, ‘’ऐंटी रोमियो स्क्वॉड का मतलब लड़कियों को छेड़छाड़ से बचाना है, जिसके चलते कई बार उन्हें स्कूल भी छोड़ना पड़ता है.’’ उन्होंने साफ किया है, ‘’सहमति से साथ रहने वाले लड़के-लड़की को परेशान नहीं किया जाएगा. हमें लड़कियों से छेड़छाड़ की घटनाओं को अनदेखा नहीं करना चाहिए.’’

किसी एक समुदाय को निशाना बनाकर कार्रवाई नहीं’- सीएम योगी

सीएम ने कहा, ‘अवैध बूचड़खानों के खिलाफ हुई कार्रवाई का विरोध कर रहे लोगों के प्रतिनिधिमंडल को भी हमने आश्वस्त किया है कि किसी एक समुदाय को निशाना बनाकर कार्रवाई नहीं की जाएगी.’’ उन्होंने कहा, ‘’हमारा जोर बीजेपी के घोषणापत्र में किए गए वादों को पूरा किया जाने पर है. सरकार नैशनल ग्रीन ट्राइब्यूनल (एनजीटी) और सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू करने का काम कर रही है.’’

रिहाइशी इलाकों में शराब की दुकानों को हटाया जाएगा- सीएम योगी

यूपी में लगातार शराबबंदी को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन को लेकर सीएम योगी ने कहा, ‘’फिलहाल उनकी सरकार के पास ऐसा कोई प्लान नहीं है, पर रिहाइशी इलाकों में मौजूद शराब की दुकानों को जरूर हटाया जाएगा.’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *